चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित क्रिमेशन ग्राउंड के पास उस समय हंगामा हो गया, जब यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी की एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर की कार से 28 हजार रुपयों से भरे दो पर्स चोरी हो गए। हैरानी कि बात है कि वारदात में कार का न तो लॉक टूटा और न ही शीशा। बावजूद इसके चोर महिलाओं के दो पर्स चोरी कर फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची सेक्टर-11 थाना पुलिस मामले ने हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
वारदात बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे की है। सेक्टर-42 निवासी शशि ने बताया कि वह सेक्टर-17 स्थित यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर हैं। कंपनी में किसी जानकर के घर में उनके सुसर की मृत्यु हो गई थी। बुधवार को उनका सेक्टर-25 स्थित क्रिमेशन ग्राउंड में दाह संस्कार था। इस कारण कंपनी की कुसुम बंसल, अनीता नरूला और नीलम के साथ सुबह करीब 11 बजे टाटा विस्टा कार से क्रिमेशन ग्राउंड पहुंचीं। कार को पार्क कर वह अंदर चली गईं। साढ़े 12 बजे लौटीं तो कार में उनका पर्स गायब था जिसमें करीब 3 हजार रुपये थे, जबकि नीलम के पर्स से 25 हजार रुपये गायब थे। उन्होेंने बताया कि हैरानी की बात है कि इस दौरान उनके कार का न तो लॉक टूटा और न ही शीशा। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामला संदिग्ध मान कर चल रही है, पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।