पंजाब के लिए महत्वपूर्ण
फोटो सहित
फॉर्च्यूनर और महिंद्रा पिकअप में भीषण टक्कर, एक की मौत-पांच लोग घायल
सबहेड
मृतक पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला था, फॉर्च्यूनर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
- शनिवार रात की घटना, महिंद्रा पिकअप में बैठकर भाई के साथ ग्रेन मार्केट आया था राजविंदर सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-46/47/48/49 के चौक पर शनिवार रात करीब ढाई बजे एक फॉर्च्यूनर (पीबी08डीवाई-9995) और महिंद्रा पिकअप (पीबी19एच-9231) के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान महिंद्रा पिकअप की कंडक्टर सीट पर बैठे पंजाब के जिला फिरोजपुर के गांव हबीबवाला निवासी राजविंदर सिंह के रूप में हुई है जबकि गाड़ी चालक उनके सगे भाई सुखचैन सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, फॉर्च्यूनर कार सवार घायलों की पहचान जालंधर के रामा मंडी निवासी गाड़ी चालक साहिल और उसके तीन दोस्त शिवांश खन्ना, तुषार और हनीश के रूप में हुई है। घायल शिवांश गंभीर हालत में पीजीआई में उपचाराधीन है। हादसे के समय फॉर्च्यूनर कार को साहिल चला रहा था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी भरकम फॉर्च्यूनर कार का पीछे का टायर एक्सेल से टूट गया। गाड़ी की फ्रंट-साइड और छत तक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, महिंद्रा पिकअप का भी अगला टायर एक्सेल से टूटकर अलग हो गया। गाड़ी के फ्रंट-साइड से परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पुलिस को रात 2:48 बजे मिली। पीसीआर कर्मियों सहित सेक्टर-49 थाने की एसएचओ जसविंदर कौर पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचीं लेकिन मौके पर केवल महिंद्रा पिकअप सवार राजविंदर सिंह और सुखचैन सिंह ही घायल हालत में मिले। पुलिस ने उन्हें जीएमसीएच-32 पहुंचाया लेकिन डाक्टरी जांच में राजविंदर सिंह को मृत पाया गया। वहीं, फॉर्च्यूनर कार सवार घायल अस्पताल चले गए थे। पुलिस ने मौकेे की जांच कर फोटोग्राफी करवाने सहित दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हादसे में घायल मृतक राजविंदर के भाई सुखचैन सिंह और फॉर्च्यूनर सवार घायल युवकों के बयान दर्ज कर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार चालक साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर मृत राजविंदर के फिरोजपुर स्थित गांव में परिवार को दुखद हादसे की सूचना दे दी है।
ग्रेन मार्केट से गाड़ी अनलोड कर लौट रहे थे सगे भाई
फिरोजपुर के गांव हबीबवाल निवासी राजविंदर और उनके भाई सुखचैन सिंह सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में सब्जी की गाड़ी अनलोड कर लौट रहे थे। जब वे सेक्टर-46/47 की डिवाइडिंग रोड से होकर उक्त चौक के समीप पहुंचे, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उनकी गाड़ी को कंडक्टर सीट की तरफ से जोरदार टक्कर मार दी। फॉर्च्यूनर कार सवार शिवांश चंडीगढ़ अपना कोई ट्रेनिंग सर्टिफिकेट लेने आया था। वह जीरकपुर किसी रिश्तेदार के यहां रूका था। उसके अन्य तीनों दोस्त भी वहां उसके पास पहुंच गए। बीबीए-एमबीए और आईलेट्स कर रहे घायल फॉर्च्यूनर सवार सभी युवक जीरकपुर से वापिस रामा मंडी स्थित घर लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस आगामी जांच में जुटी है।