लापता हुआ जज का बेटा पटियाला से मिला
- वीरवार शाम को ट्यूशन से लौटते समय लापता हुआ था नौवीं का छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वीरवार शाम को सेक्टर-27 स्थित ट्यूशन से घर लौटते समय जज का बेटा लापता हो गया। पुलिस की मुस्तैदी की वजह से उसे 24 घंटे के अंदर पटियाला से खोजकर परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि बच्चे की साइकिल का अभी तक कुछ पता नहीं लग सका है।
कैथल कोर्ट के जज परिवार के साथ सेक्टर-27 स्थित मकान में रहते हैं। उनका बेटा 9वीं क्लास का छात्र है। बीते वीरवार शाम को रोजाना की तरह सेक्टर-26 स्थित स्कूल से घर आया। थोड़ी देर बाद वह कोचिंग के लिए चला गया, वहां से वह काफी देर बाद भी नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और सूचना पुलिस को दी।