बैंक अधिकारी बनकर क्रेडिट कार्ड का नंबर पूछ उड़ाए एक लाख
जांच में जुटी साइबर सेल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-38 वेस्ट में खुद को बैंक अधिकारी बताकर व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड के आखिरी चार नंबर पूछ एक लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने के बाद मामले की सूचना सेक्टर-17 साइबर सेल में दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सेक्टर-38 वेस्ट निवासी पीड़ित ने बताया कि वह सेक्टर-8 में प्राइवेट नौकरी करते है। करीब बीस दिन पहले उनके पास एसबीआई का क्रेडिट कार्ड आया। क्रेडिट कार्ड का पिन नंबर वह भूल गए थे। पिन नंबर जानने के लिए बैंक से संपर्क करना चाह रहे थे। बीेते शुक्रवार उनके मोबाइल एक फोन आया। फोन रिसीव करने पर एक युवक ने खुद को एसबीआई का अधिकारी बताया। उसने बोला कि अगर आप को क्रेडिट कार्ड का पिन नंबर जानना है तो उसपर अंकित आखिरी के चार नंबर बताने होेेंगे। युवक के झांसे में आकर उन्होंने वह नंबर बता दिया। थोेड़ी देर बाद एक मैसेज आया, पूछने पर ओटीपी भी बता दिया। इस दौरान उसने क्रेडिट कार्ड का रजिस्ट्रेशन मोबाइल नंबर भी बदल दिया। पीड़ित ने बताया कि अगली सुबह शक होने पर कस्टमर केयर के पास फोन किया। इसके बाद पता चला कि कार्ड से एक लाख रुपये की ट्रांजेक्शन हुई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।