कार पार्किंग विवाद में महिलाओं से मारपीट के दोनों आरोपी गिरफ्तार
14 तारीख को वारदात के बाद से फरार थे आरोपी, भेजे गए न्यायिक हिरासत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़
सेक्टर-22 किरण सिनेमा के सामने बीती 14 तारीख की शाम पार्किंग स्लिप नहीं होने से उपजे विवाद में ऑल्टो टैक्सी सवार दो महिलाओं व उनके भाई से मारपीट मामले में पुलिस ने आर्य इंफ्रा पार्किंग के फरार दोनों कर्मचारियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोहाली की तहसील खरड़ के गांव माजरा निवासी 28 वर्षीय गुरमुख सिंह और रोपड़ के गांव खबरा निवासी 26 वर्षीय जगजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बॉक्स
यह था मामला
जीरकपुर व सेक्टर-20 निवासी प्रीती, गीतांजलि अपनी मां और भाई दीपक कंबोज सहित बीती 14 तारीख को ऑल्टो कार से सेक्टर-22 किरण सिनेमा मार्केट में शॉपिंग करने पहुंची थी। लौटते समय पार्किंग के उक्त दोनों कर्मचारियों ने उनके पास कार पार्किंग स्लिप नहीं होने पर एक सौ रुपये जुर्माना लगाने की बात कहते हुए मामूली बहस के बाद गाली-गलौज और फिर मारपीट की। महिलाओं का आरोप है कि पार्किंग के कर्मचारियों ने उन्हें लौटते समय पार्किंग के पैसे देने को कहा था लेकिन वे लौटी तो उनसे एक सौ रुपये जुर्माने की बात कही। उनके विरोध पर पार्किंग के उक्त दोनों आरोपी कर्मचारियों ने सरेराह उनसे गाली-गलौज करने सहित मारपीट की।