नोट: दोनों वारदातों के आरोपियों की तस्वीरों सहित।
मोबाइल छीनने और घर से गहने चोरी के आरोपी पकड़े
सबहेड
मोबाइल टावर लोकेशन से पकड़ा गया झपटमार, चोरी के आरोपी से बरामद हुए गहने
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-21 में पेट्रोल पंप के समीप बीती 24 नवंबर को मोबाइल झपटकर फरार हुए आरोपी और बीते बुधवार को सेक्टर-41, गांव बडहेड़ी के एक मकान से सोने व चांदी के गहने चोरी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। बडहेड़ी के मकान में चोरी के आरोपी के कब्जे से पुलिस ने मंगल सूत्र, अंगूठी, सोने की ईयर रिंग और चांदी की पायल बरामद की है। यूटी पुलिस ने बरामद गहनों की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बडहेड़ी निवासी सौरव नेगी के रूप में हुई है। सेक्टर-39 थाना पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है। लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में अब से पहले का उसका कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है।
वहीं, सेक्टर-21, पेट्रोल पंप के समीप झपटमारी कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने छीने गए मोबाइल में चल रहे एक सिमकार्ड की टावर लोकेशन के आधार पर पकड़ा। आरोपी जिस मोबाइल को छीनकर फरार हुआ था, उसमें दो सिमकार्ड थे। लेकिन आरोपी को मोबाइल में मौजूद एक सिमकार्ड का पता नहीं लगा। पुलिस ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उसे सर्विलांस पर लगाने सहित शिकायतकर्ता को पहले गिरफ्तार हुए झपटमारों की तस्वीरें भी दिखाई। पुलिस ने एक्टिव सिमकार्ड की टावर लोकेशन पर पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब के एक गांव निवासी 27 वर्षीय झपटमारी के आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता ने आरोपी को सामने लाए जाने पर तुरंत पहचान लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अशोक कुमार उर्फ कमोलू सातवीं कक्षा तक पढ़ा है और विवाहित है। फिलहाल वह बतौर वेटर काम कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में पता लगा कि बीते वर्ष 24 अक्टूबर को भी आरोपी के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में छेड़छाड़ के तहत केस दर्ज किया गया था, यह मामला कोर्ट में अंडर ट्रायल है।