सीटीयू बस में छात्रा से छेड़छाड़
- बस से कूदकर भागा आरोपी, चंडीगढ़ से मनीमाजरा जाने के दौरान हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा।
चंडीगढ़ से मनीमाजरा आ रही सीटीयू बस रूट नंबर 1ए में सवार छात्रा से सोमवार को एक शख्स ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि विरोध जताने पर आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए मौका पाते ही बस से कूद कर भाग निकला। घटना से संबंधित युवती सेक्टर -18 के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। घटना के वक्त वह स्कूल से वापस घर लौट रही थी। इसदौरान उसके साथ पढ़ने वाली अन्य छात्राएं भी बस में सवार थीं। आरोपी की हरकत का अन्य छात्राओं ने भी विरोध किया। उधर, सूचना पर हरकत में आई मनीमाजरा थाने की पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस में भागते समय मौके पर छूटा आरोपी का बैग चेक किया तो उसमें एक कंबल और कुछ कपड़े मिले।
बस में सवार छात्राओं के मुताबिक आरोपी करीब 30-32 वर्षीय युवक था। बस में छोड़छाड़ की घटना मध्यमार्ग पर कलाग्राम के पास हुई। इस पर जब छात्राओं से शोर मचाया तो बस के ड्राइवर ने कलाग्राम लाइट प्वाइंट के पास बस रोक दी। उधर, बस रुकते ही छेड़छाड़ करने वाला शख्स बस से कूद कर भाग निकला। हालांकि भागते समय उसके हाथ से बैग नीचे गिर पड़ा। लेकिन पुलिस को बैग से ऐसा कुछ नहीं मिला जिसके जरिये आरोपी की पहचान हो सके।
मनीमाजरा के व्यापारियों ने जताया गुस्सा
घटना को लेकर गुस्सा जाहिर करते हुए मनीमाजरा व्यापार मंडल के प्रधान मलकीत सिंह, समाजसेवी रामेश्वर गिरि और सुशील भरद्वाज का कहना है कि सीटीयू प्रशासन और चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर कोई ऐसी योजना बनानी चाहिए, जिससे छात्राओं के साथ बसों में ऐेसी हरकतें करने वालों को समय रहते दबोचा जा सके।