महिला को जबरन स्कूटर में बैठने वाला गिरफ्तार
-बच्चे को स्कूल छोड़ने जाते समय महिला को कई दिनों से कर रहा था परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जाने वाली 25 वर्षीय महिला का हाथ पकड़ कर अपने स्कूटर में बैठाकर तंग करने वाले व्यक्ति को मनीमाजरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान पवन कुमार (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ और रास्ता रोककर परेशान करने का मामला दर्ज किया है। मनीमाजरा थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पवन कुमार कई दिनों से शिकायतकर्ता महिला को परेशान और छेड़छाड़ कर रहा था। वह जब भी अपने बच्चे को स्कूल से लेने आती तो वह उसका पीछा कर अश्लील बातें बोलता था। महिला के बच्चे ने घर जाकर सारी बात पिता को बताई। शनिवार को जब महिला स्कूल में बच्चे को लेने जा रही थी तो पवन कुमार ने उसका हाथ पकड़ कर स्कूटर में बैठने के लिए मजबूर किया। इतने में उसका पति वहां आ गया और उसने पुलिस को बुला लिया।