ट्रांसपोर्टर की हत्या में पड़ोसी युवक को गिरफ्तार
ट्रांसपोर्टर के भाई ने पड़ोसी युवक पर लगाया था आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। शास्त्री नगर में ट्रांसपोर्टर अजय महेश्वरी की हत्या में आईटी पार्क थाना पुलिस ने वीरवार रात 10 बजे एक आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। दीपक कुमार ट्रांसपोर्टर अजय का पड़ोसी है। अजय के भाई डिंपल ने दीपक पर भाई की हत्या का आरोप लगाया था। प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि दीपक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस शनिवार को दीपक को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी। डिंपल ने पुलिस को बताया कि मरने से पहले उसके भाई अजय ने बताया था कि पड़ोस में वाले युवक दीपक ने उसे चाकू मारा है। डिंपल ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला की बहन से आरोपी दीपक शादी करवाना चाहता था, जबकि अजय ने भिवानी के रहने वाले अपने मामा के लड़के की उससे सगाई करवा दी थी। इससे खफा आरोपी ने अजय को मार दिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि दीपक ने अजय पर चाकू से वार कर मारा है, लेकिन कारण क्या था, इसके बारे में अभी जांच की जा रही है। अजय के शरीर पर चाकू के पांच घाव थे। दीपक ने बुधवार रात साढ़े 9 बजे शास्त्री नगर में आईटी पार्क सड़क पर अजय को चाकू मार कर घायल करने के बाद फेंक दिया था। अजय की देर रात अस्पताल में मौत हो गई थी।