पीड़िता के पिता ने दी वकील को हटाने की अर्जी
परिवार का आरोप, केस शिफ्ट होने के बाद केवल दो ही बार आईं पठानकोट
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। कठुआ मामले में मृतका के पिता ने प्रोसिक्यूटर काउंसिल की वकील दीपिका सिंह राजावत को मामले की आगामी पैरवी न करने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की है। जानकारी के मुताबिक परिवार का आरोप है कि दीपिका पठानकोट केस शिफ्ट होने के बाद से अब तक खुद की जान को खतरा बताकर केवल दो बार ही कोर्ट आईं और केस के प्रति संजीदगी नहीं दिखाई जा रही। पीड़िता के पिता ने जिला तथा सत्र न्यायालय पठानकोट की अदालत में पेश होकर यह दरखास्त खुद लगाई। हालांकि इस पर कोर्ट की ओर से कोई फैसला नहीं दिया गया है।
वहीं मामले के 101वें गवाह नजीर हुसैन शाह से लगातार पांचवें दिन भी जिरह जारी रही। बचाव पक्ष के वकील एडवोकेट एके साहनी, रोहित वर्मा, विक्रांत और अनमोल सहित पांच लोगों ने लगातार तीन घंटे तक उससे सवाल-जवाब किए। उसके बाद उन्हें डिफेंस काउंसिल ने क्रॉस एग्जामिनेशन से मुक्त किया। शाम को मामले की सुनवाई खत्म होने के बाद गुरदासपुर पुलिस की ओर से मामले के सातों आरोपियों को गुरदासपुर ले जाया गया।