चंडीगढ़ सेक्टर-34 पिकाडली में मूवी देखकर एक्टिवा पर घर लौट रही मां-बेटी को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से सड़क पर गिरी मां के ऊपर से बस का टायर गुजर गया। इस हादसे में मां की मौत हो गई। घटना सेक्टर-20/21/33/34 चौक के पास की है। मृतका की पहचान सेक्टर 30 निवासी रजनी (50) के रूप में हुई, जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सेक्टर 30 निवासी एमएस चाहत वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीते मंगलवार की शाम मां रजनी के साथ मूवी देखने सेक्टर-34 पिकाडली सिनेमा में आई थी। मूवी खत्म होने के बाद एक्टिवा पर दोनों अपने घर लौट रही थी। सेक्टर-20/21/33/34 लेबर चौक के पास पहुंची तो पीछे से तेजरफ्तार बस ने साइड से एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही एक्टिवा के पीछे बैठी मां रजनी बस की तरफ गिरीं और उनके ऊपर से बस का टायर गुजर गया, जबकि वह दूसरी साइड सड़क पर गिरी।
जब वह उठी तो चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया था। मां के सिर और अन्य जगह से खून निकल रहा था। चाहत ने लोगों की मदद से घायल मां को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास चौक पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले बस चालक की पहचान करने में लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।