चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित एसडी मंडी के पास अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार स्नैचरों ने युवती से मोबाइल और सात हजार रुपयों से भरा पर्स छीनकर फरार हो गया। आरोपी ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब युवती एटीएम से रुपये निकालकर घर लौट रही थी। मामले की सूचना पर पहुुंची सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात रविवार देर रात की है। मूलरूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली मोनिका शर्मा (22) सेक्टर-32 स्थित पीजी में रहती हैं। रात को वह अपनी दो सहेलियों के साथ सेक्टर-32 के मार्केट स्थित एटीएम से 7 हजार रुपये निकालकर लौट रही थी। एसडी मंडी के बैक साइड पहुंची तो बाइक सवार स्नैचर उसका पर्स झपटकर फरार हो गए। शोर शराबे के बाद लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। शिकायतकर्ता मोनिका ने पुलिस को बताया कि उसके पर्स में मोबाइल और 7 हजार रुपये थे। पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हेलमेट पहना हुआ था।