चंडीगढ़। खुड्डा लाहौरा में शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में घर की चौथी मंजिल से गिरने से एक सेल्समैन सतपाल (25) की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह बाथरूम जाने के लिए सोकर उठा। इस दौरान चारों ओर से खुली छत पर उसका पैर फिसला और वह नीचे गिर गया। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस उसे पीजीआई ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सतपाल खुड्डा लाहौरा का निवासी था। पुलिस ने शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। सारंगपुर थाना पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 4.30 बजे की है। सूचना मिली कि खुड्डा लाहौरा स्थित मकान नंबर 131 के पास सतपाल चौथी मंजिल से नीचे गिर गया है। वह पूरी तरह लहूलुहान था और उसके सिर पर गंभीर चोट थी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस जांच में सामने आया कि सतपाल अविवाहित था। वह चंडीगढ़ में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन था। पुलिस ने आशंका जताई है कि सतपाल के शराब के नशे में होने से हादसा हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है।