चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में मंगलवार को जुवेनाइल होम से एक नाबालिग को एक्सरे करवाने के लिए लाया गया था। एक्सरे में थोड़ी देरी हुई तो वह गुस्सा होने लगा। डॉक्टरों ने बाद में एक्सरे की रिपोर्ट लाने को कहा। इससे नाराज नाबालिग ने जुवेनाइल होम के कर्मचारी कमलजीत से हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद अन्य कर्मचारियों ने जैसे-तैसे उसे काबू किया। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-25 स्थित जुवेनाइल होम में एक नाबालिग को रेप केस में रखा गया है। उसकेहाथ में काफी दिनों से परेशानी हो रही थी। मंगलवार को कर्मचारी कमलजीत उसे लेकर जीएमसीएच-32 में एक्सरे के लिए लेकर गया। वहां लगभग दो घंटे बाद नाबालिग का एक्सरे किया गया। दोपहर 12 बजे डॉक्टरों ने कहा कि 4 बजे रिपोर्ट मिलेगी। कर्मचारी नाबालिग को फिर से जुवेनाइल होम लेकर आ गया। बैरक में जाते समय उसने कमलजीत से हाथापाई करते हुए कहा कि उसी समय रिपोर्ट क्यों नहीं लाए। हाथापाई में कर्मचारी की शर्ट भी फट गई। किसी तरह अन्य कर्मचारियों ने उसे पकड़कर बैरक में बंद किया।
तीन सिक्योरिटी गार्ड ने छोड़ी नौकरी
जुवेनाइल होम में कुछ दिन पहले वहां बंद तीन नाबालिगों ने शौच का बहाना बनाया। सिक्योरिटी गार्ड ने तीनों को बैरक से बाहर निकाला, तभी वहां पड़ी तौलिया से उसका गला घोंटने का प्रयास किया था। हालांकि, तीनों को पकड़ लिया गया था। उसके बाद तीन सिक्योरिटी गार्ड नौकरी छोड़कर चले गए थे।