चंडीगढ़। बड़ी बहन के साथ आम बीनने निकली 10 वर्षीय बच्ची को एक तेजरफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसा रविवार सुबह सवा छह बजे हुआ। घटना ट्रिब्यून और पोल्ट्री फार्म चौक (अंबाला हाईवे) के पास की है। पीसीआर ने लहूलुहान हालत में बच्ची को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। मरने वाली बच्ची हल्लोमाजरा निवासी साक्षी थी। शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिकंदर सिंह इंडस्ट्रियल एरिया रामदरबार में मजदूरी का काम करते हैं। उनकी दो बेटियां साक्षी (10) और स्वाती (12) और एक बेटा है। वह हल्लोमाजरा के मकान नंबर 147 में रहते हैं। रविवार सुबह करीब 5 बजे साक्षी घर से बड़ी बहन स्वाती के साथ अंबाला हाईवे रोड के पास आम बीनने चली गई। करीब सवा छह बजे ट्रिब्यून और पोल्ट्री फार्म चौक (अंबाला हाईवे) के पास आम उठाने के दौरान साक्षी सड़क की ओर दौड़ी, तभी एक तेजरफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि टक्कर के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। राहगीर की मदद से मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
तीसरी कक्षा की छात्रा थी साक्षी
हादसे के बाद सेक्टर-31 थाना प्रभारी राजदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किया। पुलिस जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर कोई कैमरा नहीं लगा है। पुलिस अब आसपास के चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। साक्षी हल्लोमाजरा के एनामिक स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी।
18 दिन में तीन मासूम की मौत
गौरतलब है कि 15 मई की शाम सेक्टर 3 थाने के अंतर्गत नेपली फॉरेस्ट में पानी के टैंकर की चपेट में आने से दो साल के हिमांशु की मौत हो गई। वहीं 29 मई को शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट के पास तेजरफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से 5 साल की जाह्नवी की मौत हो गई थी। अब रविवार को साक्षी की मौत हो गई। इस तरह 18 दिन में तीन मासूमों की मौत हो चुकी है।