पंचकूला। माता मनसा देवी थाना पुलिस कंट्रोल रूम से जारी होने वाली सूचना को कितनी गंभीरता से लेती है इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है कि वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे किसी व्यक्ति ने कंट्रोल रूम पर फोन कर सूचना दी कि माता मनसा देवी कांप्लेक्स के खाली पड़े शोरूम में शव पड़ा है, जिससे बदबू आ रही है। इसके बाद कंट्रोल रूम से संबंधित थाना पुलिस और पीसीआर नंबर 14 को वीटी करके सूचित किया गया। पीसीआर नंबर-14 तो पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई लेकिन थाना पुलिस को पहुंचने में करीब पांच घंटे लग गए। इतना ही नहीं पीसीआर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कई बार पुलिस कंट्रोल रूम और थाने के जवानों को सूचित किया कि यहां शव पड़ा है। लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। जैसे-जैसे समय बीतता गया लोगों की भीड़ वहां जमा होती गई।
डीसीपी के फोन के बाद हरकत में आई थाना पुलिस
पीसीआर कर्मियों द्वारा बार-बार सूचना देने के बाद भी जब माता मनसा देवी थाना पुलिस का कोई जवान मौके पर नहीं पहुंचा तो अमर उजाला के संवाददाता ने डीसीपी कमलदीप गोयल को फोन कर मामले की सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल एमडीसी थाना प्रभारी को फोन किया। इसके पांच मिनट बाद ही थाने से एएसआई और एक हेड कांस्टेबल व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने जांच की और पुलिस के दोनों जवानों ने पिकअप में डालकर शव सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
पीसीआर कर्मियों ने बताया कि उन्हें सुबह करीब साढ़े आठ बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि माता मनसा देवी कांप्लेक्स के एक खाली पड़े शोरूम में डेडबॉडी पड़ी है। सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंच गई। मौका मुआयना करने के बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को स्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद माता मनसा देवी थाना पुलिस को सूचित किया गया। इस मामले को लेकर कई बार फोन किया गया, लेकिन थाने से कोई भी जवान नहीं आया। डीसीपी साहब के फोन के बाद जवान दोपहर दो बजे मौके पर पहुंचे।
तीन से चार दिन पुराना है शव
माता मनसा देवी थाने से पहुंचे पुलिस कर्मचारियों का कहना था कि शव की स्थिति देखने से लगता है कि इसकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई है। क्योंकि शव पूरी तरह से गल चुका था। इसी के चलते बदबू आ रही थी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ये भिखारी है, जो यहीं आसपास के घरों में मांगकर खाना खाता था और यहीं खाली स्थान में रहता था। हालांकि शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने 72 घंटे के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया है।