सोमवार को टिक्कर ताल से रायपुररानी मार्ग पर एक ठेकेदार की अर्थमूविंग मशीन पर काम कर रहे ऑपरेटर को अवैध खनन करने के शक में वन विभाग के अधिकारियों ने रौब झाड़ते हुए थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद पीड़ित ऑपरेटर ने दुर्व्यवहार की शिकायत मोरनी पुलिस चौंकी में देकर वन राजिक अधिकारी रायपुररानी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार मशीन ऑपरेटर बबलू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह टिक्कर ताल में धारखेत गांव के पास अर्थमूविंग मशीन से सड़क किनारे पड़े पत्थरों को साइड में कर रहा था, तभी वन राजिक अधिकारी प्रवीण यादव अपने दरोगा धर्मपाल, जगदीश, गार्ड नितिन कुमार और एक अन्य व्यक्ति के साथ आए और मुझे कॉलर से पकड़कर नीचे उतार लिया। इसके बाद उक्त लोग मेरे साथ मारपीट व गाली गलौच करने लगे। लेकिन जब मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो वन अधिकारी अपनी गाड़ी लेकर वहां से भाग खड़े हुए।
ग्रामीणों ने किया रास्ता जाम
वन विभाग के अधिकारियों की दादागिरी पर सैकड़ों गुस्साए ग्रामीणों ने रायपुररानी से टिक्करताल मार्ग पर जाम लगा दिया। इस वजह से दर्जनों वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप था कि अगर आपरेटर ने कोई गलती की थी तो वन विभाग के अधिकारियों को हाथापाई करने की बजाय नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए थी।
आज शाम तक का दिया समय
वहीं जाम की सूचना मिलने के बाद देर शाम टिक्करताल पहुुुंचे वन मंडल अधिकारी विशाल कौशिक व मोरनी चौंकी प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने अधिकारियों की एक न मानी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की बात पर अड़े रहे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार वन मंडल अधिकारी ने मंगलवार तक का समय देते हुए कहा कि अगर विभाग के अधिकारियों की इसमें कोई गलती होगी तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की गई तो मामले की उच्च अधिकारियों व सरकार तक शिकायत को लेकर जाएंगे।
अवैध खनन को रोकने का प्रयास किया, नहीं की कोई हाथापाई: वन राजिक अधिकारी
वन राजिक अधिकारी ने कहा कि वे तो अवैध खनन को रोकने के लिए गए थे और खनन को बंद करने के लिए उसे पहले भी कहा गया था। वहीं मारपीट की बात पर उन्होंने कहा कि उन्होंने आपरेटर को मशीन से बस नीचे ही उतारा था।