वृंदावन घूमने गए परिवार के घर से 22 लाख रुपये की नकदी और आभूषण चोरी
- मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तफ्तीश
- मकान के हर फ्लोर से चुराई नकदी और ज्वैलरी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-25 स्थित मकान नंबर-151 के लोग परिवार के साथ मथुरा वृंदावन दर्शन करने गए थे। इस दौरान चोरों ने खाली घर को खंगाल दिया। चोर घर से करीब 11 लाख रुपये नकद और इतने की ही ज्वैलरी चोरी कर ले गए। चंडीमंदिर पुलिस ने मकान मालिक सुनील गर्ग की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील गर्ग ने बताया कि वह सुबह छह अप्रैल को मथुरा-वृंदावन घूमने के लिए पूरे परिवार के साथ सुबह साढ़े पांच बजे गए थे। जब वे घूमकर परिवार के साथ वापस आए तो पता चला कि घर में चोरी हो गई है। घर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। ग्राउंड फ्लोर से सेकेंड फ्लोर तक चोरों ने पूरा घर खंगाल लिया था। पुलिस की दी शिकायत में बिजनेसमैन सुनील गर्ग ने बताया कि जब वे 7 अप्रैल को घर वापस आए तो घर के दरवाजे की कुंडी तोड़ दी गई थी और सभी दरवाजे खुले हुए थे। शिकायत में बताया कि ग्राउंड सेकेंड फ्लोर से करीब तीन लाख रुपये का कैैश चोरी हुआ है। वहीं, सेकेंड फ्लोर से तीन लाख रुपये का सोना, एक लाख का कैश चोरी हुआ है। वहीं फर्स्ट फ्लोर से आठ लाख का सोना और आठ लाख का कैश चोरी हुआ है। कुल मिलाकर मकान से करीब 22 लाख रुपये की चोरी हुई है। चंडीमंदिर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि व्यवसायी सुनील गर्ग की ओर से 100 नंबर पर फोन किया गया। मौके पर चंडीमंदिर पुलिस थाने की टीम के साथ, फारेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंची। टीम ने सभी जगह के सैंपल इकट्ठा किए।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
पुलिस की ओर से बगल के मकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए है। पुलिस की ओर से मामले की जांच लगातार की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई पुख्ता सबूत पुलिस को हाथ नहीं लगे हैं।
पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। घर से करीब 22 लाख की चोरी हुई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। फारेंसिक की टीम ने सभी सैंपल इकट्ठा किए हैं। - नवीन कुमार, थाना प्रभारी, चंडीमंदिर
गांव रिहौड में चोरों ने घर में किया हाथ साफ
वहीं गांव रिहौड निवासी कृष्णपाल ने पुलिस को बताया कि वह सात अप्रैल को अपने परिवार के साथ यमुनानगर शादी समारोह में गए थे। इस दौरान घर पर उनका नौकर विक्की था। जब वह घर से गए तो पड़ोसी को भी सूचना देकर गए थे। आठ अप्रैल की सुबह उनके पड़ोसी साधु राम का फोन आया कि वह जल्दी घर वापस आ जाए। उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलने पर जब घर वापस आया तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। कृष्णपाल ने बताया कि उसके घर में करीब 30 हजार नकदी, सोने और चांदी के जेवरात थे, जिसे चोर चुराकर ले गए। पुलिस ने कृष्णपाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंडीमंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।