सोसायटी में हुड़दंग मचाने से रोकने पर किया केस दर्ज
- चंडीमंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तफ्तीश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सोसायटी में हुड़दंग मचाने से हुड़दंगियों को रोकना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। हुड़दंगियों ने व्यक्ति से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने लड़ाई झगड़े, धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अमित भारद्वाज ने बताया कि वह सेक्टर-24 बेल अपार्टमेंट में रहते हैं। 21 मार्च को आठ मोटर साइकिलों पर 15 से अधिक अराजक तत्व सोसायटी में हुड़दंग मचाने के लिए घुसने लगे। तभी उन्होंने इस बात का विरोध किया। इस पर शरारती तत्वों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्त हिमांशु वर्मा, हंसराज, जगतार सिंह और दविंदर सिंगला के साथ बैठकर बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सोसायटी में बच्चे और महिलाओं की सुरक्षा हुड़दंग बाजी से बाधित हो सकती थी। इसलिए मैने सभी आरोपियों को बेल अपार्टमेंट की सोसायटी में घुसने से रोका था। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोसायटी में रहने वाले लोगों में हुड़दंगियों का डर बना हुआ है। वहीं मारपीट में घायल होने के बाद उनका दोस्त उन्हें जनरल अस्पताल लेकर गए। वहां पर मेडिकल कराने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात हुड़दंगियों के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।