गौ हत्या की अफवाह पर खड़क मंगोली पहुंचे राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता
- पोस्टमार्टम के बाद गायों को दफनाया गया, मौके पर तैनात रहा पुलिस बल
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित खड़क मंगोली गांव में एक साथ तीन गायों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर भारी संख्या में गांव के लोग वहां पर इकट्ठा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों गायों के शवों को सबसे पहले स्थानीय लोगों ने देखा जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरा जायजा लिया। वहीं गायों के शव मिलने की खबर जैसे ही राष्ट्रीय बजरंग दल को लगी। तुरंत राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष गर्वेश राणा ने बताया कि गायों की हत्या हो सकती है। तीनों गायों को जहर देकर मारा गया है। इस तरह के आरोप पर प्रशासन से गायों का पोस्टमार्टम कराया है। गर्वेश नेे बताया कि गांव वासियों के मुताबिक कुछ अज्ञात युवक गांव में गायों के पीछे-पीछे घूम रहे थे और उन्हें शक है कि उन्होंने ही गायों की हत्या की है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि प्रशासन गौ पालकों को अपनी गायों की रक्षा के लिए कहे। अधिकतर गौपालक अपने गायों को सुबह से शाम तक चरने के लिए खुला छोड़ देते हैं और शाम को दूध निकालने के समय वापिस ले आते हैं। कई बार पॉलीथिन खाने से भी गायों की मौत हो जाती है। हालांकि पुलिस ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसकी रिपोर्ट आठ दिन बाद आएगी।