बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवक को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
- बिना हेलमेट बाइक चला रहे मोहन के सिर पर आई थी गंभीर चोट
- सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तफ्तीश
- काल के 45 मिनट बाद नहीं पहुंची थी पुलिस की पीसीआर
- पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की तफ्तीश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। जीरकपुर-शिमला हाईवे सेक्टर-20 फ्लाईओवर के पास एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे युवक संगम को भी गंभीर चोटें आईं। वहीं हेलमेट नहीं पहनने की वजह से मृतक युवक के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं थी। घटना के बाद दोनों को ऑटो की मदद से सेक्टर-6 जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के दौरान मोहन को मृत घोषित कर दिया था। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने संगम की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-12ए रैली से दवा लेकर मोहन और संगम बाइक से जीरकपुर-शिमला हाईवे सेक्टर-20 फ्लाईओवर के पास पहुंचे। जीरकपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोहन और संगम दोनों बाइक के बाहर गिर गए। इस दौरान मोहन का सिर सड़क पर टकरा गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं उसका संगम को हाथ पैर में काफी चोटें आई है। उसका इलाज इमरजेंसी में चल रहा है। मृतक के साथी संगम ने बताया कि दोपहर साढ़े बारह बजे सेक्टर-12ए रैली से दवा लेकर आ रहे थे। मूलरूप से नेपाल निवासी मोहन की तबीयत ठीक नहीं थी। वह पंचकूला में गाड़ी चलाने का काम करता है।
संगम ने दोस्तों को दी जानकारी
बाइक में पीछे बैठे संगम ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से पुलिस पीसीआर को सूचना दी गई। इसके बाद भी पुलिस की पीसीआर 45 मिनट देरी से पहुंची। वहीं मोहन के दोस्त उसे ऑटो से अस्पताल ले आए। अस्पताल ले आने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि सिर पर उसके गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
..तो बच सकती थी जान
संगम के दोस्त मदन भंडारी ने बताया कि पुलिस को हादसे के बाद फोन किया गया। लेकिन पुलिस दुर्घटनास्थल पर 45 मिनट की देरी से आई। इस वजह से घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मौके पर कोई एंबुलेंस भी नहीं पहुंची।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की ओर से ट्रक का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी ट्रक चालाक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने केस दर्ज तफ्तीश शुरू कर दी है। - नवीन सहारण, थाना प्रभारी, सेक्टर -14, पंचकूला।