इंदिरा कालोनी के नाले से मिला जिंदा बम, मचा हड़कंप
- मौके पर पहुंची अंबाला की बम डिस्पोजल टीम जांच में जुटी
- स्थानीय पुलिस बम को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 चौकी में लाई
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-16 स्थित इंदिरा कालोनी से गुजर रहे नाले के नजदीक खेल रहे बच्चों को जिंदा बम मिला। यह बम दोपहर करीब दो बजे बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बम से खेलता देख तुरंत इस बात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच बम को कब्जे में लिया। बम को चौकी से कुछ दूरी पर खाली जगह पर रखवा दिया गया है।
सेक्टर-16 चौकी इंचार्ज बलदेव सिंह ने बताया कि इंदिरा कालोनी के नाले में बम मिला था। बम के साथ स्थानीय बच्चे खेल रहे थे। सूचना मिलने पर वह एसपीओ यशपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान बम निरोधक दस्ते की टीम वहां पहुंच गई। साथ गए एसपीओ यशपाल सिंह ने बम के पास से कालोनी के लोगों को दूर हटने को कहा। इसके बाद उन्होंने बम को कब्जे में लिया और चौकी से कुछ दूरी पर खाली जगह पर रखवा दिया।
अंबाला से आई बम निरोधक दस्ते की टीम के इंचार्ज एएसआई रघबीर ने बताया कि यह छोटी तोप का बम है। इसे बम शेल कहा जाता है। उन्होंने बम को देखने के बाद बताया कि यह बम शेल मिस फायर हो चुका है। यह घातक हो सकता है। यह बम किसी भी चीज से टकराने के बाद फट सकता है। उन्होंने बताया कि बम काफी पुराना है। पानी रहने के कारण इस बम शेल में जंग लग गया है। इसके कारण इसके ऊपर लिखे हुए नंबर नजर नहीं आ रहे हैं। अभी यह बता पाना मुश्किल है कि यह किस यूनिट का शेल है। उन्होंने बताया कि अभी इस शेल के बारे में आर्मी को सूचना दी जाएगी। अगर यह शेल उनका हुआ तो वह अपने साथ ले जाएंगे। नहीं तो बम निरोधक दस्ता बम को डिस्पोज कर देगा।
जांच अधिकारी रघबीर ने बताया कि इस सेल की रेंज चार से पांच किलोमीटर तक की है। उन्होंने बताया कि फटने के बाद यह करीब 30 मीटर तक ज्यादा नुकसान कर सकता है। इसका वजन करीब छह किलोग्राम है। बम निरोधक दस्ते की टीम ने बताया कि उन्हें करीब शाम को 4. 42 मिनट पर कंट्रोल रूम से बम मिलने की सूचना मिली। जिसके तुरंत बाद वह अपनी टीम के साथ बम डिस्पोज करने का सामान लेकर निकले।