सुलभ इंटरनेशन के डायरेक्टर की पत्नी का पर्स चोरी
सेक्टर-5 थाना पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सुलभ इंटरनेशन के डायरेक्टर एके सिंह की पत्नी सुनीता का पर्स चोरी करने के मामले में पुलिस को कई अहम सुराग लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि चोर तक पहुंचने के लिए उन्होंने समारोह स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ली है।
गौरतलब है कि एक फरवरी को सुलभ इंटरनेशन एनजीओ के डायरेक्टर एके सिंह के बेटे की सेक्टर-1 स्थित रेड बिशप में रिसेप्शन पार्टी थी। इस दौरान जब उनकी पत्नी स्टेज पर बेटे को शगुन डालने गईं तो किसी व्यक्ति ने उनका पर्स उड़ा लिया, जिसमें शगुन के लिफाफे और ज्वेलरी थी। उन्होंने घटना की जानकारी पति को दी। जिन्होंने पहले खुद बैंक्वेट हाल, आसपास व रेड बिशप में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन पर्स चोर का सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि एक फरवरी की रात सेक्टर एक स्थित रेड बिशप में उनके बेटे श्रेय सिंह की रिसेप्शन समारोह का आयोजन किया गया था। जिस दौरान उनका बेटा व बहू स्टेज पर बैठे थे। उस समय शगुन की रस्म चल रही थी और वह उन्हें गिफ्ट दे रही थीं। जिस दौरान उन्होंने अपना गोल्डन कलर का पर्स स्टेज के पास रख दिया और रस्म खत्म होने के बाद जब उन्होंने पर्स देखा तो वहां नहीं था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पर्स में कुछ शगुन के लिफाफे और गोल्ड की कुछ ज्वेलरी थी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।