शातिर महिला चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। मार्केट में शॉपिंग के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली तीन महिलाओं को सेक्टर-7 पुलिस चौकी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के हाथ यह कामयाबी गुप्त सूचना के जरिये लगी। आरोपी महिलाओं की पहचान सोनिका, गौरी व नेहा निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। जिन्हें पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया कि चोरी का सामान रिकवर करने और अन्य आरोपियों की जानकारी हासिल करने के लिए रिमांड पर लिया गया है।
चौकी इंचार्ज मोहन ने बताया कि उन्हें आरोपी महिलाओं के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को मनीमाजरा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास काफी समय से शिकायतें आ रही थीं कि मार्केट में शॉपिंग के दौरान उनके पर्स या पैसे चोरी तो हुए पर उन्हें पता नहीं चला। पुलिस ने बताया कि चोरी करने वाली महिलाएं इतनी शातिर हैं कि सामने वाले के साथ खड़े होकर कब उसका पर्स या पैसे चुरा लेंगी उनको भनक तक लगने नहीं देती थी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी एक आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।