सीएम के आईटी एडवाइजर के घर चोरी का मामला
चोरी करने वाले दोनों आरोपियों से सामान बरामद
दोनों आरोपियों को कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
बरामद सामान में दो ब्रांडेड घड़ी, चश्मा, जूता, चार मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। 16 दिसंबर को हरियाणा सीएम के आईटी एडवाइजर ध्रुव मजूमदार की कोठी नंबर -42 में चोरी करने वाले आरोपी मनोज कुमार निवासी डड्डूमाजरा और नरेश निवासी बुड़ैल सेक्टर -45 से सामान बरामद करने के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल, एक जोड़ी जूते, एक चश्मा और दो ब्रांडेड घड़ी बरामद की गई है। सेक्टर -5 थाना प्रभारी अरविंद कंबोज ने बताया कि दोनों आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। आरोपी मनोज कुमार और नरेश कुमार से रिकवरी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि चोरी के मामले में अभी एक आरोपी फरार है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। चोरी किए बाकी सामान की रिकवरी उससे करनी है। आरोपी मनोज कुमार निवासी डड्डूमाजरा और नरेश निवासी बुड़ैल सेक्टर -45 को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार 10 जनवरी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसमें चोरी का खुलासा हआ है।
यह था मामला
16 दिसंबर को हरियाणा सीएम के आईटी एडवाइजर ध्रुव मजूमदार की कोठी में नंबर-42 में चोरी हो गई थी। घटना के दौरान आईटी एडवाइजर अपनी शादी के लिए परिवार समेत सिलीगुड़ी गए हुए थे। लोगों की सूचना पर सेक्टर-5 और 10 चौकी थाना पुलिस समेत फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी, जिसने लोगों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। प्राथमिक जांच में सामने आया था कि चोर कार में सवार होकर आए थे। वे कोठी का ताला तोड़कर घर में घुसे और इसके बाद उन्होंने इत्मीनान से शराब पी और लाखों रुपये का सामान लेकर भाग निकले। पुलिस ने आसपास के घरों से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। इसकी शिकायत कोठी नंबर -40 में रहने वालेे अनिल कोहली ने दी थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
कोठी से ये सामान हुआ था चोरी
पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि कोठी से सैमसंग कंपनी के चार एंड्रायड फोन, निकॉन कैमरा, कैमरे का लैंस, फ्लैश, जूम और मैक्रो लैंस, चार लैपटॉप, मुवाडो कंपनी की एक वाच, एक अरमानी रोज गोल्ड वाच, लोंगिनेश वाच लेडीज और जेंड्स वाच, ईको स्मार्ट वाच। इसके अलावा लाखों के कैश समेत 20 जोड़ी जूते और शादी समारोह के लिए खरीदी गईं साड़ियां, शेरवानी भी चोरी हुई थी।
दोनों आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर 10 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। मामले में सामान की रिकवरी की गई है। चोरी में एक आरोपी और शामिल है। पुलिस उसे भी जल्द गिरफ्तार करेगी। मामले की तफ्तीश पुलिस की ओर से जारी है। जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा। - अरविंद कंबोज, थाना प्रभारी, सेक्टर -5