सैनिक ने नाकाम की लूट की कोशिश
घायल हालत में किया मुकाबला, लुटेरों को भागने पर किया मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। बाघापुराना में सोमवार शाम को एक सैनिक ने घायल हालत में लुटेरों का मुकाबला कर उनकी वहां से 8.40 लाख रुपये लूटने की कोशिश को नाकाम कर दिया। लुटेरों ने सैनिक पर तेज हथियार से जानलेवा हमला करने के अलावा फायरिंग भी की।
थाना बाघापुराना प्रमुख इंस्पेक्टर जंगजीत सिंह रंधावा ने बताया कि पीड़ित सैनिक के बयान लिखे जा रहे हैं। केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि लुटेरों की ओर से लूट की घटना को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही इनोवा की पहचान कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक सेना से छुट्टी पर आया जीत सिंह पुत्र गुरदास सिंह गांव भोडीपुरा जिला बठिंडा का एक और भाई भी सेना में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। उन्होंने 4 एकड़ 5 कनाल जमीन खरीद करने का सौदा किया था। सैनिक जीत सिंह अपने दोस्त बलविंदर सिंह पुत्र हरदयाल सिंह गांव भोडीपुरा को साथ लेकर बाघापुराना में एचडीएफसी बैंक से नकदी निकलवाने के लिए स्विफ्ट कार में आया था। शाम तकरीबन 4.15 बजे वह बैंक से 8.40 लाख रुपये की रकम निकलवाकर बैंक के बाहर खड़ी कार में बैठने लगे तो इनोवा कार में चार हथियारबंद लुटेरे आए। उन्होंने उनकी कार घेरकर नकदी छीनने के लिए हाथापाई की। यह नकदी बैग में थी तो लुटेरों ने सैनिक जीत सिंह पर तेज हथियार से जानलेवा हमला कर कर घायल कर दिया। उसने बहादुरी से मुकाबला किया और बैग नहीं छोड़ा। लुटेरे गोलियां चलाते फरार हो गए। इस दौरान लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख गुरप्रीत सिंह तूर, एसपीडी वजीर सिंह खैहरा, डीएसपी बाघापुराना रणजोध सिंह और थाना बाघापुराना प्रमुख इंस्पेक्टर जंगजीत सिंह रंधावा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी हासिल की। पुलिस आधिकारियों ने घटना स्थलक के पास सीसीटीवी कैमरे से भी आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच पड़ताल की।
फोटो कैप्शन - बाघापुराना में सैनिक से नकदी लूटने की घटना की जांच करते पुलिस अधिकारी