चावल घोटाले में शैलर मालिक सहित तीन पर मामला दर्ज, दो गिरफ्तार
पहले पुलिस ने अज्ञात पर किया था केस दर्ज, शैलर मालिक की गिरफ्तारी बाद होगा भंडाफोड
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। पुलिस ने चार दिन पहले चावलों के भरे 2 ट्रकों के मामले में आखिर तीनों लोगों पर मामला दर्ज कर ही लिया। पहले थाना सिटी के प्रभारी गुरवीर सिंह ने मामले में अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया था। चर्चा के अनुसार पुलिस मामले को दबाना चाहती थी। लेकिन मीडिया में लगातार खबरें छपने के कारण पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करना पड़ा। जांच अधिकारी थाना सिटी के सहायक थानेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि जांच के बाद इस मामले में ट्रक के ड्राइवर सुखविंदर सिंह सुक्खा, ट्रक के मालिक संजीव कुमार उर्फ मिट्ठू एवं शैलर मालिक संजीव कुमार उर्फ सोनू सैनी पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। केस दर्ज होने की सूचना मिलते ही शैलर मालिक शहर से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश के लिए उसके घर गई, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। चर्चा है कि यह रेलवे स्टेशन पर जब चावल मालगाड़ी में भरे जाते हैं, वहां से शैलर मालिक बढ़िया चावल चोरी करवाकर उनकी जगह चावलों का किणका यानी निमभन स्तर की क्वालिटी का चावल भरवा देते हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले एफसीआई की ओर से असम के लिए स्पेशल लगाई गई थी और यहां से स्पेशल ट्रेन भरकर असम के लिए भेजी गई थी। उस स्पेशल में से 600 गट्टे असम में चावल के कम पाए गए थे। उस समय चंडीगढ़ से स्पेशल टीम बरनाला डिपो की जांच करने के लिए आई थी। सूत्रों अनुसार उस जांच में बरनाला डिपो में 600 गट्टे चावल अधिक पाए गए थे। इस जांच से हड़कंप मच गया था। मतलब कि एफसीआई ने यहां से ही 600 कट्टे असम के लिए कम भेजे थे, जिसकी कीमत लाखों में बनती है। सहायक थानेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि शैलर मालिक संजीव कुमार उर्फ सोनू सैनी की गिरफ्तारी के लिए गैंग में शामिल अन्य शैलर मालिकों व एफसीआई अधिकारियों की मिलीभगत का सुराग मिलने की संभावना है।
आज भी खंगाले जाएंगे गोदाम के रिकॉर्ड
एफसीआई के प्रदेश महाप्रबंधक ने कहा-नहीं बख्शे जाएंगे चावल घोटालेबाज
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। भले ही बरनाला पुलिस ने नाकेबंदी कर चार दिन पहले निर्यात (स्पेशल) के दौरान 500 बोरी चावलों से भरे ट्रक को कब्जे में लिए था। इस प्रकरण के असली गुनाहगार पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। मामले में खाद्य आपूर्ति विभाग ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिनमें क्वालिटी कंट्रोलर, असिस्टेंट मैनेजर, डिपो मैनेजर शामिल हैं। उन्होंने शुक्रवार को बरनाला पहुंच बठिंडा बाईपास पर स्थित वेयर हाउस गोदामों, गांव फरवाही में ओरीगो अधीन गोदाम, सेखा मार्ग पर स्थित एफसीआई-1 के गोदामों में फिजिकल वेरिफिकेशन चेकिंग भी की है। जांच की पुष्टि करते हुए एफसीआई के क्वालिटी कंट्रोल संगरूर के अधिकारी एजीएम राम गणेश बागरी ने बताया कि घोटाले की जांच चल रही है। रविवार को भी रिकार्ड खंगाला जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों के पास जांच रिपोर्ट सोमवार तक पेश कर दी जाएगी।
26 जून को शाम बरनाला सिटी थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में नाकेबंदी की थी। जिसके चलते 320 बोरी से भरा एक ट्राला और करीब 200 बोरी चावल से भरा एक ट्रक कब्जे में लिया था। जिनमें एक ट्रक बिना नंबर का था। मौके पर पुलिस ने एक ट्रक के चालक सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र बंत सिंह निवासी बरनाला को हिरासत में लिया था। जिसने तफ्तीश के दौरान बताया था कि यह चावल मनी महेश राइस मिल का है। उसने बताया था कि निर्यात होने वाले चावल से भरे ट्रक को रास्ते में बदलवाया जाता है। गोदाम से निकलने वाले अव्वल किस्म के चावल ट्रक को शैलर में भेज दिया जाता है और शैलर से निकाले जाने वाले खराब चावल को निर्यात होने वाले चावल के ट्रकों की पंक्ति में शामिल कर दिया जाता है। चालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने छापेमारी करनी शुरू कर दी थी।
सभी घोटालों की जांच हो
राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता शशी चोपड़ा का कहना है कि अब तक हुए चावल घोटालों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की चल-अचल संपत्ति की जांच के लिए सीबीआई जांच होनी चाहिए। जहां-जहां से माल बरामद किया गया है, उसके इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं। जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
मालिक सोनू की है तलाश
सिटी थाना प्रभारी गुरवीर सिंह ने कहा कि तफ्तीश के दौरान ड्राइवर सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र बंत सिंह निवासी बरनाला ने पुलिस को बताया है कि चावल मनी महेश राइस मिल का है। ड्राइवर के बयान के पर मुख्य आरोपियों में मालिक सोनू की तलाश के लिए रेड की जा रही है। जो कि परिवार के साथ भूमिगत हो चुका है। एफसीआई की जांच रिपोर्ट के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर बाकी दोषियों को भी हिरासत में लिया जाएगा।
नहीं बख्शे जाएंगे आरोपी
भारतीय खाद्य आपूर्ति (पंजाब क्षेत्र) के महाप्रबंधक अर्शदीप सिंह थिंद ने कहा बरनाला में हुए चावल घोटाले की जांच की जाएगी। घोटालेबाज कितने भी ताकतवर हों किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।