पांच घंटे में गर्भवती युवती का चेकअप, मौत और अंतिम संस्कार
पांच जून को शाम पांच बजे निजी अस्पताल लाया भाई, रात दस बजे लोगों जलती चिता देखी
पुलिस को पोस्टमार्टम तक का नहीं मिला मौका, अस्थियां तक कर दी गईं गायब
पुलिस ने युवती के भाई को हिरासत में लिया, ऑनर किलिंग की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
माहिलपुर (होशियारपुर)।
थाना माहिलपुर तहत गांव बिंजों में 5 जून को रात एक अविवाहित गर्भवती युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका का उसी रात घरवालों ने आनन फानन में अंतिम संस्कार भी कर दिया और अगले ही दिन उसकी अस्थियां भी गायब कर दीं। मामले में गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को गुप्त तौर पर सूचना दी तो पुलिस मामले की जांच में जुटी। मृतका के गर्भवती होने की बात का पता चलने के बाद मामले को कथित ऑनर किलिंग से जोड़ कर देखा जा रहा है। लेकिन जांच कर रहे डीएसपी गढ़शंकर का दावा है कि मामला परिवार की बदनामी के डर से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार का है।
जानकारी के अनुसार गांव की एक युवती ज्योति पुत्री बिशन दास की तबीयत खराब होने पर उसे अड्ड़ा कोटफतूही के एक निजी अस्पताल में पांच जून को शाम करीब साढ़े पांच बजे लाया गया। वहां मालूम हुआ कि युवती अविवाहित है और करीब 31 माह की गर्भवती है। इसके बाद परिजन लड़की को वापस घर ले गए। इसके बाद देर शाम आए तेज तूफान के बाद रात करीब दस बजे गांव के श्मशान घाट में किसी की चिता जलती देखी गई और लोगों को सुबह ज्योति की मौत का पता चला। गांव से सूचना पाकर दूसरे दिन दोपहर पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक उसके परिजन उसकी अस्थियां भी गायब कर चुके थे। पुलिस ने जांच शुरू की और एसएसपी के निर्देश पर जांच डीएसपी गढ़शंकर राजकुमार को सौंपी है।
डीएसपी बोले-जल्द करेंगे मामले का खुलासा
अमर उजाला ने मामले में डीएसपी गढ़शंकर राजकुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि मामला संदिग्ध है। मृतक युवती के बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है। सबूतों की तलाश में पुलिस सतलुज अस्पताल का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। क्योंकि जिस रात युवती की मौत हुई उससे पहले इसी अस्पताल में युवती को चेकअप के लिए लाया गया था। इस वक्त हम लोग मामले की जांच के लिए इस अस्पताल में मौजूद हैं। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी।