लारेंस बिश्रोई गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
आरोपियों से 32 और 315 बोर की चार पिस्टल, आठ कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। पड़ोसी शहर श्रीगंगानगर में हुई हिस्ट्रीशीटर जार्डन की हत्या के बाद हत्यारों को पकड़ने के लिए पंजाब व राजस्थान पुलिस ने सांझी कार्रवाई शुरू की। इसी कड़ी अबोहर पुलिस ने जोधपुर जेल में बंद लारेंस बिश्रोई गैंग के तीन सदस्यों को शुक्रवार रात चार पिस्टल और आठ कारतूस समेत गिरफ्तार किया है।
डीएसपी गुरबिंदर सिंह संघा ने बताया कि राजस्थान के श्रीगंगानगर के हिस्ट्रीशीटर जार्डन हत्याकांड के बाद सीआईए स्टाफ के प्रभारी सज्जन सिंह शुक्रवार सांय अपनी टीम सहित गुमजाल के निकट नाकाबंदी की थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि लारेंस बिश्रोई की बुआ का बेटा अभिषेक बिश्रोई पुत्र रणजीत बिश्रोई निवासी गांव किशनपुरा जिला संगरिया अपने दो साथियों विकास कुमार पुत्र निहाल चंद निवासी उज्जलवास नोहर तथा नरिन्द्र सिंह उर्फ नंदू पुत्र महावीर निवासी राजांवाली गांव पन्नीवाला माहला के नजदीक झाड़ियों में छुप कर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने छापामारी की तो दो अज्ञात युवक वहां से भाग निकले जबकि इन तीनों को पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों सहित काबू कर लिया। डीएसपी ने बताया कि अभिषेक बिश्रोई से एक 315 बोर की पिस्टल व 3 कारतूस, एक 32 बोर की देसी पिस्तौल व 2 कारतूस, विकास व नरिंद्र ने 32 बोर की दो पिस्टलें, 3 कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ है।
थाना खुईयांसरवर पुलिस ने गिरफ्तार में आए तीनों आरोपियों समेत तीन नामजद सहित पांच के खिलाफ कई दर्ज किया है। डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए युवकों को रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी कि इनका लारेंस बिश्रोई व अंकित भादू से क्या संबंध है और किस घटना को अंजाम देने के लिए पंजाब में घुसने की कोशिश कर रहे थे। डीएसपी ने कहा कि पकड़े गए तीनों आरोपी करीब 20-22 वर्ष है। आरोपी अभिषेक गोदारा जोधपुर से एमसीए की पढ़ाई कर रहा है। जोधपुर की जेल में लारेंस बिश्रोई बंद है।