दिव्यांग से चार लाख की ठगी, 4 नामजद
दिव्यांग कोटे से नौकरी दिलवाने का झांसा देकर की धोखाधड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
नौकरी दिलवाने का झांसा देकर दिव्यांग से चार लाख 6 हजार रुपये की ठगी के आरोपी में थाना सिटी पुलिस ने एक महिला सहित चार पर मामला दर्ज किया है। पुुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है।
सहायक थानेदार सुखजिंदर सिंह ने बताया कि प्यारा सिंह निवासी शहणा ने एसएसपी हरजीत सिंह को शिकायत दी थी कि उसके दिव्यांग बेटे जसवीर सिंह को रिंकू उर्फ मोहित निवासी फरवाही, हरपाल कौर उर्फ सोनी निवासी फरवाही, केसर सिंह निवासी टल्लेवाल एवं राजवीर सिंह निवासी दफतर कमरा नंबर 17 पीएसईबी फेज-08 मोहाली ने भरोसा दिलाया कि वह लोग सरकारी नौकरी दिलवा देंगे, जिसके लिए उसके पांच लाख रूपए लगेंगें।
वह उसे भरोसे में लेकर राजवीर सिंह के पास ले गए। वह अपने आप को किसी सरकारी विभाग का क्लर्क बता रहा था, उसने भी उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलवाने का भरोसा दिलाया। कथित आरोपियों ने उससे राजवीर सिंह को चार लाख 6 हजार रुपये दिलवा दिए और कहने लगे कि बाकी की राशि नौकरी मिलने पर दे देना। शिकायतकर्ता प्यारा सिंह ने बताया कि कथित आरोपियों ने न तो उसके बेटे को नौकरी दिलवाई और न ही उसके रुपये वापस किए। सहायक थानेदार ने बताया कि शिकायत की गहनता से जांच की गई। जांच में आरोप सही मिलने पर उक्त आरोपियों के खिलाफ कर दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। उन्होेंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।