55 किलो अफीम, 19 लाख का कैश बरामद
एनसीबी चंडीगढ़ ने हनुमानगढ़ से महिला तस्कर समेत पांच को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) चंडीगढ़ की टीम ने सोमवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव चिश्तियां में एक मकान पर छापा मार कर 55 किलो अफीम और 19 लाख रुपये बरामद किए। टीम ने एक महिला समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह मकान काफी समय से मादक पदार्थाें बिक्री का एक बड़ा अड्डा बना था।
एनसीबी के अधीक्षक कुलदीप शर्मा ने बताया कि पिछले काफी समय से सूबे में अलग-अलग स्थानों से बरामद हो रही अफीम के नेटवर्क के बारे में जांच की जा रही है। इस पर पता चला कि हनुमानगढ़ जिले में एक ठिकाने से पंजाब के अलावा हरियाणा में भी बड़ी तादात में अफीम की सप्लाई हो रही है। इसके बाद एनबीसी ने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया और सूचना मिलते ही अफीमकी सप्लाई देने आए राजस्थान के झालावाड़ इलाके के दो तस्करों को भी काबू किया गया है। यह दोनों व्यक्ति टेंपो जैसे एक वाहन में अफीम छुपाकर लाए थे। एनसीबी ने ठीक उस समय छापा मारा, जब अफीम के दूध की डिलीवरी देकर यह दोनों लोग महिला तस्कर से उसकी कीमत के रूप में 19 लाख रुपये ले रहे थे।
एनसीबी चंडीगढ़ ने यह कार्रवाई करने से कुछ ही पहले एनसीबी जोधपुर को सूचना दे दी थी। वहां से तीन इंस्पेक्टर भी बाद में कार्रवाई में शामिल कर लिए गए। कुलदीप शर्मा ने बताया कि गाड़ी के नंबर होने के कारण इसकी लोकेशन का पता लगाने में ज्यादा परेशानी नहीं आई। एनसीबी अधीक्षक ने बताया कि चिश्तियां में 50 वर्षीय जसविंद्र कौर के यहां से 55 किलो अफीम और 19 लाख का कैश मिला है। मौके से गिरफ्तार किए गए लोगों में जसविंद्र कौर के अलावा चरणसिंह उसका भतीजा हरदीप सिंह और झालावाड़ निवासी गोविंद एवं रामफूल शामिल हैं। यह दोनों तस्कर जिस टेंपो में अफीम लेकर आये, उसकी बॉडी में नीचे की तरफ एक विशेष प्रकार का पार्ट बना था। इसी पार्ट में अफीम छिपाकर लाई गई थी। एनसीबी ने इस टेंपो को भी जब्त कर लिया। जसविंद्र कौर के घर में एनसीबी की कार्रवाई लगभग 8 घंटे तक चली।