रंजिश में चली गोलियां, जीजा-साला घायल
पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
होशियारपुर।
ऊना रोड पर गौतम नगर में मंगलवार देर रात दो गुटों के बीच आपसी रंजिश को लेकर एक गुट ने दूसरे गुट के युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला चला दीं। वारदात में एक जीजा अमृतपाल सिंह उर्फ जेबी और साला हनी की टांग व जांघ में गोलियां लगने से जख्मी हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। एसएसपी जे इलांचेलियन ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
सिविल अस्पताल में दाखिल घायल अमृतपाल सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी सुभाष नगर ने बताया कि वह अपने साले हनी के साथ कार में ऊना रोड की तरफ जा रहे थे। गौतम नगर के समीप आगे चल रही गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया। उस गाड़ी और एक अन्य कार से कुछ युवक उतरे और उन्होंने उन पर फायर करने शुरु कर दिए। हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायर किए। दो गोलियां उसकी टांग में और 1 गोली हनी की टांग में लगी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। इस दौरान हमलावरों की एक रिवाल्वर भी नीचे गिर गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। अधिकारिक तौर पर अभी इस बात की पुष्टि नहीं की गई है।
घायल अमृतपाल सिंह उर्फ जेबी के मुताबिक वह एक हत्या के मामले में गवाह है व लुधियाना की जेल में बंद बिन्नी गुज्जर ने पहले भी उन्हें धमकियां दी थी। जेबी का आरोप था कि मामले का फैसला आने वाला था तो उसने अपने साथियों से उन पर हमला करवाया है। थाना सिटी के एसएचओ जगदीश राज अत्री ने बताया कि घायल अमृतपाल सिंह के शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोबिन, सौरभ जिंदल, सुक्खी, संपत व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।