आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर थाने के बाहर किया प्रदर्शन
अबोहर।
12-13 फरवरी की रात हनुमानगढ़ रोड पर हुई एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतक के परिजनों ने शनिवार को थाना नं. 2 के बाहर रोष जताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को शीघ्र काबू करने की मांग की।
इस बारे में जानकारी देते हुए दुर्गा नगरी निवासी वीरेन्द्र कामरेड व गुड्डी देवी ने बताया कि मृतक रोहित उर्फ कल्लू पिछले 2 वर्षों से हनुमानगढ़ रोड पर एक शराब अहाते में कार्यरत था। इसी दौरान अहाते से नाजायज शराब पकड़ी गई। जिस पर अहाता मालिक ने रोहित पर शक जाहिर किया। इसी दौरान 12-13 फरवरी की रात रोहित सड़क के किनारे मृत पाया गया। जिस पर पुलिस ने अहाता संचालक नीरज कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था लेकिन अभी तक पुलिस ने उक्त अहाता संचालक को काबू नहीं किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र ही नीरज को गिरफ्तार करने की मांग की। इस मौके पर सोनी, बिमला देवी, विजय लक्ष्मी, पूजा, मुन्नी, सिमरन, शांति देवी, सूरज प्रकाश, इंद्राज, रजत, डा. प्रताप, मुरली सिंह, डा. मुकेश, पूर्व पार्षद राजाराम व अन्य मोहल्लावासी मौजूद थे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सोमवार तक आरोपी को काबू न किया तो वे अनिश्चितकालीन समय के लिए थाने के बाहर धरना लगाएंगे। इधर थाना नंबर 2 के एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि नीरज को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है और शीघ्र ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
इस समाचार की फोटो एबीआर 3 भेजी जा रही है।