आगजनी करने वाले दो आरोपी जुडीशियल रिमांड पर
डेरा मुखी सिरसा के खिलाफ फैसला आने पर की थी वारदात
25 अगस्त के बाद से थे फरार, दो दिन पहले किया आत्म समर्पण
मानसा।
बीती 25 अगस्त को डेरा मुखी सिरसा के खिलाफ फैसला आने के बाद मानसा में इंकम टैक्स दफ्तर के पास खड़ी दो कारों को आग के हवाले करने और अन्य आगजनी की घटनाओं में थाना सिटी-2 में नामजद दो लोगों ने आत्म समर्पण कर दिया है। दोनों 25 अगस्त से फरार चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार इंकम टैक्स दफ्तर मानसा में खड़ी दो कारों को आग लगाने के आरोप में 25 अगस्त 2017 को थाना सिटी-2 मानसा में दर्ज मामले में नामजद 31 आरोपियों में से पहले 25 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। छह आरोपी उस समय से फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अदालत से तीसरी बार वारंट हासिल किए हैं। उनमें से नामजद आरोपी सतपाल सिंह और रवेल सिंह वासी मानसा ने थाने में पहुंचकर दो दिन पहले आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने वीरवार को उन्हें अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें जुडीशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में नामजद बलविंदर सिंह, पवन कुमार, परमिंदर सिंह वासी मानसा और नानक चंद सरदूलगढ़ फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं।