एएसआई और हवलदार के खिलाफ नशा तस्करी का केस
दोनों को पचास हजार रुपये की रिश्वत के मामले में हो चुके हैं गिरफ्तार
विजिलेंस की तलाशी के दौरान प्राइवेट रिहायश से अवैध नशीली गोलियां बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
विजिलेंस ब्यूरो की ओर से 50 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार नारकोटिक सेल में तैनात एएसआई और हवलदार की प्राइवेट रिहायश से विजिलेंस और पुलिस की साझी तलाशी दौरान अवैध नशीली गोलियां बरामद हुईं।
डीएसपी विजिलेंस पलविंदर सिंह संधू ने बताया कि यहां नारकोटिक सेल में तैनात एएसआई बलजिंदर सिंह और हवलदार हरभजन सिंह को 50 हजार रुपये घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी बाद उनकी प्राइवेट रिहायश से थाना सिटी प्रमुख इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह की हाजिरी में 700 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों खिलाफ थाना सिटी में नशा तस्करी का और थाना विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर में भ्रष्टाचार की धाराओं तहत केस दर्ज किया है। विजिलेंस के अनुसार गिरफ्तार एएसआई बलजिंदर सिंह के खिलाफ थाना कोट ईसेखां में 11 जून 2015 को तत्कालीन डीएसपी धर्मकोट गुरप्रीत सिंह गिल ने सारज सिंह गांव नसीरपुर जानियां के घर की तलाशी बाद उसे नशा तस्करी केस में गिरफ्तार न करने बदले 10 हजार की घूस लेते सारज के घर में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा 18 दिसंबर 2015 को भाजपा मंडल प्रधान एवं अरोड़ा मेडिकल स्टोर मालिक सुशील कुमार की शिकायत पर 35 हजार की रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि आरोपी एएसआई ने कथित समझौता और रसूख के कारण दोनों केस रद्द करवा लिए हैं। उन्होंने थाना कोट ईसेखां से दोनों मामलों का रिकॉर्ड मांगा है। डीएसपी विजिलेंस ने यह दावा किया कि दोनों आरोपियों खिलाफ रिपोर्ट माननीय पंजाब पुलिस प्रमुख को भेज दी गई है और दोनों को विभाग नौकरी से बर्खास्त कर सकता है। क्योंकि इस से पहले भी मोटी रिश्वत लेने वाले पुलिस आरोपियों को विभाग नौकरी से बर्खास्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जायेगा।
यहां बताने योग्य है कि बीते 2 नवंबर को नार्को ड्रग सेल स्टाफ ने सुखदेव सिंह निवासी मोगा को 270 ग्राम नशीले पाउडर केस में गिरफ्तार किया था। मामले में आरोपी एएसआई और हवलदार ने बलजिंदर कुमार निवासी बेदी नगर, मोगा को इस केस में फंसाने की धमकी देते हुए उसके साथ सौदा तय किया तो विजिलेंस ने उन्हें 50 हजार रुपये की घूस लेते काबू कर लिया।
फोटो कैप्शन - मोगा विजिलेंस दफ्तर में जानकारी देते डीएसपी विजिलेंस पलविंदर सिंह संधू
ं