ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर बढ़ाई गुरुद्वारों की सुरक्षा
100 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती
थाना पुलिस, पीसीआर पेट्रोलिंग समेत चीता स्क्वॉयड भी मौजूद रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी फिदायीन हमले की आशंका के पत्र के बाद ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मद्देनजर चंडीगढ़ में गुरुद्वारों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शहर के तीनों डिवीजनों के 7 गुरुद्वारों में 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संबंधित थाना पुलिस, पीसीआर पेट्रोलिंग और चीता स्क्वायड भी मौजूद रहेगा। विदित रहे कि पंजाब में हाई अलर्ट जारी किया जा चुका है।
चंडीगढ़ पुलिस विभाग की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी भी तरह के हमले, उपद्रव व अशांति को रोकने के लिए गुरुद्वारों के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। 6 जून को सुबह से लेकर देर रात तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इस दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध हरकत करने, भड़काऊ बयान देने व नारे लगाने वालों को पुलिस तुरंत राउंड अप करेगी।
1 जून से गृह मंत्रालय कर चुका है अलर्ट
गृह मंत्रालय की ओर से पंजाब पुलिस को पत्र मिल चुका है। उनके स्पेशल इंटेलीजेंस ने बताया है कि ऑपरेशन ब्लू-स्टार की बरसी के दौरान पंजाब में फिदायीन आतंकवादी हमला कर सकते हैं।