अस्पताल में ही दो दिन बढ़ा गैंगस्टर दिलप्रीत का पुलिस रिमांड
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर मलोया थाना पुलिस को दो दिन के रिमांड की मंजूरी दी
सरपंच सतनाम मर्डर केस में मलोया पुलिस उससे अस्पताल में ही करेगी पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 में उपचाराधीन गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह उर्फ बाबा के दो दिन की रिमांड अवधि खत्म होने और उसके ठीक नहीं होने के चलते ड्यूटी मजिस्ट्रेट खुद रविवार को अस्पताल पहुंचे। यहां सेक्टर-36 थाना पुलिस ने दिलप्रीत के और रिमांड की मांग नहीं की, लेकिन थाना मलोया पुलिस ने वर्ष 2016 में सेक्टर-38 स्थित गुरुद्वारा साहिब रोड पर हुए सरपंच सतनाम सिंह मर्डर केस में दिलप्रीत के रिमांड की मांग की। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने थाना मलोया पुलिस को उससे पूछताछ को दो दिन के रिमांड की मंजूरी प्रदान की। हालांकि रविवार को पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर सकी।
थाना मलोया के एसएचओ इंस्पेक्टर बलदेव कुमार ने बताया कि गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह से सोमवार को पूछताछ की जाएगी ताकि पता लग सके कि उसने अपने भगोड़े साथी गैंगस्टर रिंदा और अन्यों के साथ मिलकर सतनाम की हत्या किन कारणों से और कितनी सुपारी लेकर की। हालांकि इस बाबत पुलिस रविवार को कोई जवाब नहीं दे सकी।
इससे पहले यूटी पुलिस डॉक्टरों के गैंगस्टर दिलप्रीत के फिट होने की रिपोर्ट देने के इंतजार में रहे। दोपहर तक डॉक्टरों के उसे फिट करार नहीं देने के चलते ड्यूटी मजिस्ट्रेट जीएमसीएच-32 पहुंचे और थाना मलोया पुलिस ने उसका पुलिस रिमांड हासिल किया।
बॉक्स
डॉक्टरों ने फिट होने की रिपोर्ट नहीं दी
बीते सोमवार को बस स्टैंड-43 के समीप पंजाब पुलिस से हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर दिलप्रीत को जांघ में गोली लगने पर पीजीआई भर्ती कराया गया था। वहां से छुट्टी मिलने पर पुलिस उसे एंबुलेंस से जिला अदालत-43 सुनवाई पर ले गई। फिर सेक्टर-36 थाना पुलिस अदालत से उसका दो दिन का रिमांड मिलने पर उसे थाने ले गई। बीते शुक्रवार रात को ही तबीयत दोबारा बिगड़ने पर दिलप्रीत को जीएमसीएच-32 भर्ती कराया गया। अभी वह उपचाराधीन है लेकिन थाना मलोया पुलिस ने उसका रिमांड लेने में जल्दबाजी कर दी। इसके चलते थाना मलोया पुलिस को भी उससे अस्पताल में ही पूछताछ करनी पड़ेगी। डॉक्टरों ने फिलहाल दिलप्रीत के फिट होने की रिपोर्ट नहीं दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि केस की जांच कुछ कमजोर भी पड़ सकती है।
बॉक्स
थाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाकर कर सकती थी पूछताछ
गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह की तबीयत बीते सोमवार, गिरफ्तारी के बाद से ठीक नहीं है, लेकिन पुलिस उसका रिमांड हासिल करने में जुटी है। सेक्टर-36 थाना पुलिस के केस में दिलप्रीत की रिमांड अवधि खत्म होने पर थाना मलोया पुलिस ने उसकी तबीयत ठीक होने का इंतजार नहीं किया, ताकि अच्छे से पूछताछ की जा सकती। थाना मलोया पुलिस दिलप्रीत से पूछताछ को उसके ठीक होने पर अदालत में प्रोडक्शन वारंट लगाकर उसे पूछताछ के लिए ला सकती थी। इसका इंतजार न कर उसने दिलप्रीत का दो दिन का रिमांड ले लिया। माना जा रहा है कि कहीं पंजाब पुलिस अदालत में दिलप्रीत का प्रोडक्शन वारंट नहीं लगा दे, इसी जल्दबाजी में यूटी पुलिस ने अपने केसों में लगातार उसका रिमांड लिया। पंजाबी सिंगर एवं एक्टर परमीश वर्मा पर फायरिंग और सिंगर गिप्पी ग्रेवाल को धमकी मामले में मोहाली पुलिस सहित पंजाब पुलिस को दिलप्रीत पर दर्ज 25 केसों में उससे पूछताछ करनी है।