सेक्टर-38ए में घरेलू विवाद के चलते पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इस कदर बढ़ गई कि पति ने पत्नी के मुंह पर मुक्के से वार कर दिया, उसकी नाक की हड्डी टूट गई। पुलिस ने जीएमएसएच-16 में दाखिल करवाया, जहां महिला का इलाज चल रहा है।
घायल की पहचान सेक्टर-38ए निवासी आशा देवी के रूप में हुई है। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति अमित कुमार के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बीते 22 अप्रैल को सेक्टर 38ए निवासी अमित कुमार और उसकी पत्नी आशा देवी के बीच घरेलू विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई। इसके बाद बहस मारपीट में बदल गई।
इस दौरान अमित कुमार ने मुक्के से पत्नी के मुंह पर कई वार कर दिए। पंच लगने से आशा देवी के मुंह और नाक से खून बहने लगा। लोगों ने चिल्लाने की आवाज सुनकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।