पंजाब के लिए आवश्यक
जेल के खाते से रुपये उड़ाने वाला दो दिन के रिमांड पर
चेक पर जाली हस्ताक्षर कर निकलवाए थे 26,97,500 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बुड़ैल जेल प्रशासन की चेक बुक पर जाली हस्ताक्षर कर लगभग 27 लाख रुपये गबन करने वाले आरोपी को सेक्टर-49 थाना पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पता लगाएगी कि उसने चेक चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया। उसके साथ कोई अन्य तो नहीं शामिल है। इससे पहले पुलिस ने जेल सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया था।
बता दें कि 11 दिसंबर को जेल प्रशासन को पता चला कि उसके बैंक खाते से चेक पर जाली हस्ताक्षर कर 26,97,500 रुपये निकाले गए है। सभी ट्रांजेक्शन करीब 45-45 हजार की थी। इसके बाद सारा ब्योरा निकाला गया। इसमें सामने आया कि कुछ समय पहले इंडस्ट्रियल थाने के अंतर्गत हत्या के प्रयास में फतेहगढ़ निवासी अमनदीप जेल में सजा काट चुका है। सजा के दौरान वह वहीं पर काम करने लगा था। इस दौरान उसने चेक चोरी कर जाली हस्ताक्षर कर रुपये निकलवा लिए। इसके बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी को पंजाब के मुल्लापुर से गिरफ्तार किया था।