गुग्गा माडी से चौकी लगा लौट रही नाबालिग से रेप की कोशिश
दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज, फिलहाल फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना घग्गा के अधीन पड़ते गांव देधना में गुग्गा माड़ी से चौकी लगाकर घर लौट रही 14 साल की लड़की के साथ दो युवकों ने रेप की कोशिश व अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
14 साल की पीड़ित लड़की ने पुलिस पास बयान दिया है कि वह तीन सितंबर की रात को गांव में अपने घर के नजदीक ही गुग्गा माड़ी से चौकी लगाकर अपने घर लौट रही थी। घर के सामने से ही प्रदीप निवासी गांव देधना हाल निवासी कंगनवाल थाना अहमदगढ़ जिला संगरूर और संजू निवासी दलोलपुर जिला पटियाला उसे जबरन अपनी गाड़ी में उठाकर एक बाड़े में ले गए और जहां उसके साथ रेप की कोशिश की। उसके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। इसी बीच शोर सुनकर लोग वहां इकट्ठा हो गए। जिस कारण आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।