जन स्वास्थ्य विभाग का हेड सफाई कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार
चंडीगढ़। नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग में सफाई कर्मचारी को नौकरी दिलवाले के नाम पर पचास हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस ने हेड सफाई कर्मी को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी रिश्वत की रकम दस हजार रुपये एडवांस ले रहा था। आरोपी तेज पाल को पुलिस शनिवार जिला अदालत में पेश करेगी।
चंडीगढ़ निवासी शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि उसके बेटे को एमसीसी के जन स्वास्थ्य विभाग में कांट्रैक्ट बेसिस पर नौकरी दिलवाने के लिए आरोपी तेज पाल ने पचास हजार रुपये की रिश्वत मांगी। एडवांस के तौर पर दस हजार रुपये पहले देने होंगे। जिसके बाद विजिलेंस टीम ने सेक्टर-28 में ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता ने जब आरोपी तेज पाल को एडवांस के तौर पर दस हजार रुपये दिए तो टीम ने आरोपी को दबोच लिया।