रंजिशन युवक के पेट में घोंपा चाकू, जीएमसीएच-32 में दाखिल
पीड़ित की बहन की शिकायत पर पुलिस ने दो के खिलाफ किया केस दर्ज
वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
रंजिश की वजह से रामदरबार निवासी विनोद कुमार के पेट में चाकू घोंपकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने नरेश और सोनू के खिलाफ आईपीसी की धारा 326 के तहत केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने घायल विनोद को जीएमसीएच-32 में दाखिल कराया है।
पीड़ित की बहन कैलाशो देवी ने पुलिस को शिकायत में कहा है कि विनोद की आरोपियों के साथ पहले से किसी बात को लेकर रंजिश थी। इसी के तहत नरेश और सोनू शनिवार को उसके घर के पास पहुंचे। विनोद घर के बाहर खड़ा था। वहां पहुंचते ही नरेश और सोनू ने विनोद से मारपीट शुरू कर दी।
विनोद ने विरोध किया तो दोनों में से एक ने जेब से चाकू निकाला और विनोद के पेट समेत अन्य जगह वार कर दिए। इससे विनोद बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। उसकी बहन कैलाशो देवी भाई की मदद के लिए वहां पहुंची। उसके आने पर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। कैलाशो देवी ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विनोद को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया। वहीं सेक्टर-31 थाना पुलिस ने कैलाशो देवी की शिकायत के आधार पर नरेश और सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।