एक्टिवा सवार स्नैचर ने युवक से झपटा मोबाइल, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-40/41 के लाइट प्वाइंट के नजदीक एक्टिवा सवार स्नैचर ने युवक से मोबाइल झपट लिया। युवक बीरेंद्र सिंह सेक्टर-43 बस स्टैंड जा रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-38सी में रहता है। 12 सितंबर को उसे किसी जरूरी काम से लुधियाना जाना था। वह सेक्टर-43 स्थित बस स्टैंड जाने के लिए घर से निकला। सेक्टर-40/41 के लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो एक्टिवा सवार स्नैचर ने उससे मोबाइल झपट लिया। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपी के पीछे कुछ दूर भाग कर गया, लेकिन आरोपी को पकड़ नहीं सका। जरूरी काम की वजह से वह इस बात की शिकायत पुलिस को नहीं दे सका। लुधियाना से बीरेंद्र सिंह जब वापस लौटकर आया तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।