बुड़ैल में आठ ऑटो के शीशे तोड़कर अज्ञात आरोपी फरार
अहम दस्तावेज व पैसे भी किए चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बुड़ैल में अज्ञात लोगों ने बीते सोमवार की देर रात रामलीला ग्राउंड, भोपाल सिंह स्टेडियम के समीप खड़े आठ ऑटो के शीशे तोड़ डाले। सुबह करीब साढ़े चार बजे वारदात का पता लगने पर बुड़ैल चौकी इंचार्ज सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सभी ऑटो मालिकों से पूछताछ की।
पुलिस ने ऑटो की जांच की तो उनमें से कई से दस्तावेज और पैसे भी चोरी मिले। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की जांच की तो करीब तीन युवक ऑटो तोड़कर फरार होते नजर आए। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों सहित अपने मुखबिरों से पूछताछ की। बुड़ैल चौकी इंचार्ज ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस आरोपियों तक पहुंच चुकी है और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिसकर्मियों ने उनके ठिकानों पर छापामारी की।