युवती ने फंदा लगाकर दी जान
सुसाइड का कारण नहीं चला पता
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-25 निवासी लता (18 वर्ष) ने शनिवार दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसके इस कदम के बाद से सकते में हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट न मिलने की वजह से कारण नहीं पता चल पाया है।
लता परिवार के साथ सेक्टर-25 में रहती थी। उसके तीन भाई-बहन हैं। सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। शनिवार दोपहर में वह काम से घर लौट कर आई थी। पिता और भाई काम पर थे और मां घर के बाहर दुकान पर बैठी थी। उसकी बड़ी बहन भी दुकान में मां के पास बैठ गई। थोड़ी देर बाद उसने लता को आवाज लगाई, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया। बड़ी बहन घर के अंदर आ गई तो उसने देखा लता फंदे पर लटकी हुई है। उसकी चीख सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पाते ही सेक्टर-24 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लता को फंदे से उतार कर उसे जीएमएसएच-16 ले गई, लेकिन वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।