बुजुर्ग को कार में बैठाकर सोने के आभूषण उड़ाने वाली दो महिलाओं और कार चालक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने एक कोठी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल कर ली है, जबकि एक अन्य कोठी में लगे सीसीटीवी की फुटेज लेने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस को शक है कि जिस गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया, वह पटियाला (पंजाब) क्षेत्र से जुड़ा है। बहरहाल पुलिस को अब तक की जांच में कोई सफलता हासिल नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर-9 स्थित कोठी नंबर 34 में रहने वाले बुजुर्ग देसराज अरोड़ा (80) शनिवार दोपहर करीब एक बजे शेव कराने के लिए घर से निकले थे। सेक्टर-9 मार्किट स्थित दुकान पर शेव कराने के बाद घर लौटते समय एक सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी थी। इस कार को एक व्यक्ति चला रहा था, जबकि दो महिलाएं इसमें सवार थीं।
इन महिलाओं ने देसराज अरोड़ा से जान पहचान बताते हुए उन्हें घर तक छोड़ने की बात कही। बुजुर्ग को कार में बैठाने के बाद उनकी कलाई से सोने का कड़ा और गले से चेन महिलाओं ने निकाल ली थी और कार को सेक्टर-9 स्थित मकान नंबर 952 के पास रास्ते में छोड़ दिया था। बाद में परिजनों ने इस वारदात की सूचना पंचकूला पुलिस को दी थी।
इस मामले की जांच कर रहे सेक्टर-10 पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक बृजपाल राणा ने बताया कि बुजुर्ग को कार से जहां उतारा गया था, उस लोकेशन पर स्थित एक कोठी से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने हासिल कर ली है।
फुटेज में लगभग सभी गाड़ियां चलती हुई दिखाई दे रही हैं। पता चला है कि इसी लोकेशन के आसपास एक अन्य कोठी में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। संभव है कि कार के रुकने की गतिविधि उसमें रिकार्ड हो, लेकिन इस कार का मालिक अभी बाहर बताया गया है।
डीसीपी की प्रतिक्रिया
डीसीपी अनिल कुमार धवन ने दावा किया कि शनिवार को बुजुर्ग के साथ हुई घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की तहकीकात में जुटी है। वारदात को अंजाम देने वाले जल्द सलाखों के पीछे होंगे। बीते माह 16 फरवरी सेक्टर-17 में गन प्वाइंट पर हुई लूट की वारदात के बारे में उन्होंने बताया कि इस मामले को जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा।