सीसीटीवी फुटेज में नजर आई महिला मैनेजर
- फोटो : अमर उजाला
एमडीसी सेक्टर-5 स्थित एक सैलून की महिला मैनेजर के शारीरिक शोषण और पैसों की उगाही के मामले में हरियाणा के डीजीपी ने वीरवार को निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी आईजी भारती अरोड़ा को सौंपी है। अब आईजी ही मामले में रिकॉर्ड सीसीटीवी वीडियो फुटेज और ऑडियो क्लिप के आधार पर पुलिस की गिरफ्त में होमगार्ड जवान जसनपाल और एमडीसी थाने के तत्कालीन एसएचओ रविकांत पर लगे आरोपों की जांच करेगी।
वहीं आरोपी जसनपाल की एक दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आगामी पूछताछ के लिए उसका एक दिन का रिमांड बढ़ाया है। आईजी भारती अरोड़ा मामले के दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ करेंगी। साथ ही सैलून की महिला मैनेजर और शिकायतकर्ता सैलून मालिक पंकज शर्मा से भी पूछताछ की जाएगी। होमगार्ड जवान की सैलून की महिला मैनेजर के साथ जो वीडियो क्लिप वायरल हो रही है, उसमें घटना की तारीख 23 नवंबर की जान पड़ रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो क्लिप उसी दिन की है या फिर सीसीटीवी सिस्टम में तारीख से संबंधित कोई तकनीकी समस्या थी। महिला मैनेजर वीरवार को मीडिया के सामने आई और वही बयान दोहराए जो उनके मुताबिक उन्होंने कोर्ट में सीआरपीसी-164 के तहत दिए थे। महिला ने बताया कि आरोपी जसनपाल से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। वह उन्हें बेटा कहकर बुलाता था। महिला ने उससे छेड़छाड़ के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
महिला से पैसे लेने के बाद उसे खींचता दिख रहा जसनपाल
वायरल हुई सीसीटीवी वीडियो में आरोपी होमगार्ड जवान जसनपाल सैलून में सोफे पर बैठा है। उसने महिला मैनेजर से पैसे लेकर उन्हें गिना। साथ ही उसको खींचकर सोफे पर साथ बैठाया। हालांकि, इसके बाद महिला मैनेजर चाय पीती नजर आ रही है। होमगार्ड जवान महिला को धक्का देकर अंदर के कमरे से मुख्य वर्क प्लेस की तरफ ले जाता भी नजर आ रहा है।
ऑडियो क्लिप में जसनपाल कर रहा है बातचीत
पुलिस की जांच टीम के पास वह ऑडियो क्लिप भी मौजूद है, जिसमें आरोपी होमगार्ड जवान जसनपाल कथित तौर पर एसएचओ से बातचीत करता सुनाई दे रहा है। जांच टीम जसनपाल से बातचीत कर रहे व्यक्ति की आवाज का मिलान करने में जुटी है, ताकि पता लग सके कि उससे बातचीत करने का आरोपी तत्कालीन एसएचओ रविकांत ही है या फिर कोई अन्य। रविकांत को केस दर्ज कर लाइन हाजिर करने के बाद निलंबित कर दिया गया था। उसे अब जांच में शामिल किया जाएगा।
महिला मैनेजर ने 164 के बयानों में छेड़छाड़ से किया इनकार
पुलिस ने मामले में सैलून की महिला मैनेजर के कोर्ट में सीआरपीसी-164 के बयान दर्ज कराए थे। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने बयानों में उससे छेड़छाड़ नहीं होने की बात कही थी। साथ ही होमगार्ड जवान जसनपाल से अपने पारिवारिक रिश्ते होने बताए थे।
यह था मामला
सेक्टर-5, एमडीसी, के एससीओ नंबर-137 स्थित सैलून के मालिक चंडीगढ़ निवासी पंकज शर्मा ने डीजीपी कार्यालय में एमडीसी थाने के तत्कालीन एसएचओ रविकांत और होमगार्ड जवान जसनपाल के खिलाफ सैलून की महिला मैनेजर से छेड़छाड़ और मंथली वसूली की शिकायत दी थी। साथ ही ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी दी थी।
इस पर पुलिस विभाग ने उक्त दोनों पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ व पैसों की वसूली के तहत केस दर्ज किया था। इसके बाद रविकांत को लाइन हाजिर कर निलंबित कर दिया गया था। जबकि, होमगार्ड जवान जसनपाल को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन पुलिस ने महिला मैनेजर के कोर्ट में सीआरपीसी-164 के तहत बयान करवाए तो उन्होंने उनसे छेड़छाड़ की बात को सिरे से खारिज किया।
महिला ने कहा कि जसनपाल से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। आरोपी जसनपाल फिलहाल एक दिन के पुलिस रिमांड पर है।