कस्बे में रिंग रोड पर स्थित प्राइवेट स्कूल में स्टूडेंट्स की फीस जमा न होने पर स्कूल प्रबंधक और टीचर ने एक स्टूडेंट की पिटाई कर दी। फोटो वायरल होने के बाद परिजन रायपुररानी थाने पहुंचे। बाद में स्कूल प्रबंधन और पीड़ित छात्र के परिजनों में समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार कुछ स्टूडेंट्स ने दो-तीन माह से स्कूल की फीस नही भरी थी। स्कूल प्रबंधक ने तुरंत फीस जमा करवाने को कहा। इसी बीच एक छात्र को एक टीचर ने थप्पड़ लगाकर कक्षा से जाने को कहा। पीड़ित छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया सभी स्टूडेंट्स को छोड़ उसे ही बुरी तरह से पीटा गया। कक्षा में जाने पर स्कूल प्रबंधक बलदेव कुमार ने उसको डंडे मारना शुरू कर दिया। आंख के नीचे से खून निकलने के बाद भी उसको पीटते रहे। छात्र घायल अवस्था में रायपुररानी थाने पहुंचा जहां उसका मेडिकल करवाकर शिकायत दर्ज की। गांव से पहुंचे स्टूडेंट्स के परिजनों ने पुलिस के समक्ष स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। छात्र ने बताया कि उसके पिता बीएसएफ में कार्यरत हैं। घायल स्टूडेंट्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र के कई ग्रामीण थाने पहुंचे।
शिकायत के अनुसार स्टूडेंट्स के परिजन और स्कूल मैनेजमेंट को थाने में बुला लिया था। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। इसके बाद स्टूडेंट्स पक्ष की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने का भी निवेदन किया गया है।
-रामभज, एएसआई, रायपुररानी थाना
विरेंद्र की आंख में अपना ही नाखून लग गया था इसके बाद स्टूडेंट्स के परिजन मिले। गलतफहमी के बाद राजीनामा हो गया था। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों की भी अपने स्तर पर जांच की जा रही है। -बलदेव कुमार, स्कूल प्रबंधक