पंचकूला। नकली सोना देकर बैंक से 4.60 लाख रुपये लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-25 की रिद्धिमा गोयल ने नवंबर 2019 में गोल्ड लोन के लिए सेक्टर-20 के बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच में आवेदन किया। बैंक ने आवेदन लिया और उसके सोने को इंपैनेल्ड सोनार सेक्टर-9 के दीपक भोला प्रोपराइटर को चेक करने के लिए कहा। दीपक भोला ने सोना चेक कर क्लीन चिट रिपोर्ट दी।
इसके बाद बैंक ने 4.60 लाख रुपये का लोन अप्रूव कर दिया। साथ ही बैंक अधिकारी द्वारा रिद्धिमा को समय पर लोन की किश्त नहीं चुकाने पर बैंक द्वारा कार्रवाई किए जाने की बात बताई गई। कई माह तक लोन की किश्त नहीं अदा करने पर बैंक द्वारा मार्च 2021 में आरोपी को लीगल नोटिस भेजा गया। उसके बाद बैंक की तरफ से सोने के निलामी की प्लानिंग की गई। दूसरे इंपैनेल्ड सोनार से आरोपी के सोने की वैल्यूएशन करवाई गई। इसमें सोना नकली बताया गया। इसके बाद बैंक के चीफ मैनेजर ने आरोपी महिला रिद्धिमा और सेक्टर-9 के दीपक भोला प्रोपराइटर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है।