हॉट-स्पॉट पर बढ़ेगी गश्त, तकनीक और मुखबिर तंत्र से होगी त्वरित कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कार्यालय पंचकूला ने एंटी व्हीकल थेफ्ट यूनिट का गठन किया है। इस विशेष यूनिट का औपचारिक उद्घाटन डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने किया। यूनिट की कमान इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
इस मौके पर डीसीपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट यूनिट को विशेष रणनीति के तहत तैयार किया गया है। यूनिट का मुख्य उद्देश्य वाहन चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी, चोरी हुए वाहनों की त्वरित बरामदगी और भविष्य में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम करना है। इसके लिए शहर के चिन्हित हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में विशेष गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यूनिट तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करेगी। साथ ही मुखबिर तंत्र को मजबूत किया जाएगा और पुराने अपराधियों के डाटा का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।